सहारनपुर । मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा है कि धान क्रय केन्द्रों पर किसी भी किसान का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिन 32 क्रय केंद्रों पर धान खरीद होगी वहां किसानों के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंडलायुक्त सभागार में कमिश्नर ने मंगलवार को धान क्रय केंद्रों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बिचौलिया औने पौने दामों पर किसान का धान न खरीद पाए। धान का भुगतान सीधा किसान के खाते में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि धान खरीद केन्द्रों पर खरीद की ऑनलाइन फीडिंग के लिए इंटरनेट कनेक्शन, लैपटॉप तथा आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और धान की हैंडलिंग एवं परिवहन के लिए ठेकेदारों की नियुक्ति की जाए। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों के जांच दल गठित किए जाएं। प्रत्येक क्रय केन्द्र पर नमी मापक यंत्र के साथ ही विनोईंग फैन, छलना, दो इलेक्ट्रानिक कांटे की उपलब्धता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा धान क्रय किए जाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस वर्ष मंडल में 2200 मीट्रिक टन धान खरीदे जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। गत वर्ष 28 क्रय केन्द्रों के सापेक्ष इस बार 32 धान क्रय केन्द्र मंडल में बनाए जाएंगे। इनमें से 13 खाद्य विभाग तथा 16 पीसीएफ तथा तीन अन्य समितियों द्वारा संचालित होंगे। अपर आयुक्त उदयी राम, डिप्टी आरएमओ प्रिंस चौधरी, अखिलेश कुमार सिंह, बलबीर सिंह, डीएस शर्मा, देवेन्द्र कुमार शर्मा, राजेश कुमार आदि रहे।