देवबंद (सहारनपुर)। विभिन्न मांगों को लेकर नगर विकास कर्मचारी महासंघ ने पालिका प्रशासन को ज्ञापन भेजकर 72 घंटे में मांगे पूरी न किए जाने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को पालिका के अधिशासी अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों ने कहा कि 18 अगस्त को पालिका को मांग पत्र दिया गया था। जिसमें ओबीसी कोटे के सभी सफाई कर्मियों को उनके सफाई कार्यों में लगाए जाने, सफाईकर्मियों को वर्ष 2016-17 की ग्रीष्मकालीन वर्दी दिलाए जाने, ठेका सफाई कर्मियों का दो माह का वेतन दिलाए जाने, संविदा कर्मियों का वर्ष 2016-17 का बढ़ा हुआ एरियर भुगतान तुरंत कराए जाने, रिटायर्ड कर्मचारियों का सातवें वेतनमान के बढ़े हुए एरियर का भुगतान करने, शहर के सभी कूड़ाघर बंद करा दिए गए हैं इसलिए कर्मचारियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए कूड़ाघर उपलब्ध कराने और पालिका के वाहनों की मरम्मत कराए जाने की मांग की गई थी। लेकिन मांगों को लेकर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। सफाई कर्मचारियों ने पालिका प्रशासन को मांगों को पूरा करने के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए ऐसा न होने पर 29 सितंबर से काम बंद कर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में रोशन लाल, अनिल, सुनील, सरोज, राजू, सतीश, मन्नू, कालीचरण, सुदेश, अरविंद आदि शामिल रहे।