सरसावा (सहारनपुर)। ग्राम पिलखनी के समीप एक महिला ने रेल से कटकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर शव को पीएम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को शाम 5 बजे के करीब ग्राम पिलखनी तथा सरसावा के बीच एक महिला ने ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली। महिला की शिनाख्त नहीं होने के कारण आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया। घटनास्थल के समीप ही खेतों में घास काटने आयी एक महिला ने बताया कि मृतका काफी देर पटरियों के आसपास घूम रही थी इसी बीच एक ट्रेन आयी तो महिला ट्रेन के आगे कूदने लगी, लेकिन जब उसने शोर मचाया तो महिला पीछे हट गयी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने देखा की महिला दूसरी ट्रेन को आते देख पटरियों पर लेट गयी और ट्रेन धड़धड़ाती हुए उसके ऊपर से गुजर गयी। जिससे महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसओ सरसावा सुधीर उज्ज्वल ने बताया कि देखने में करीब 35 वर्ष की लग रही मृतका ने हरे रंग का फूलों की छाप का सलवार सूट पहन रखा है। रेल के आगे कूदकर महिला द्वारा जान देने की जानकारी मिलने पर काफी ग्रामवासी भी इकठ्ठा हो गए, लेकिन कोई भी महिला की शिनाख्त नहीं कर पाया। एसओ ने बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही आसपास के थानों में वायरलेस कर किसी महिला की गुमशुदगी की जानकारी ली जा रही है।