सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मेले के तहत विभागों द्वारा कराए जाने वाले कार्य अभी तक पूरे नहीं हो सकें हैं। अधिकारी संबंधित कार्यों को सोमवार तक हर हाल में पूरा करा लें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी पीके पांडेय रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में कांवड़ मेले के तहत विद्युत विभाग, लोनिवि, एनएचएआई, प्रदूषण, नगर निगम, खाद्य सुरक्षा, वन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने भगवानपुर-गागलहेडी-सरसावा कांवड मार्ग पर पैच वर्क कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़क किनारे उगी घास काटने, विद्युत तार को कसवान तथा कांवड़ शिविर के पास विद्युत पोलों का लगभग 8 फीट ऊपर तक प्लास्टिक पन्नियों से ढकने तथा सुरक्षा के दृष्टिगत मार्ग पर स्थित ट्रांसफार्मरों को डबल बैरिकेडिंग द्वारा सुरक्षित किए जाने का कार्य सोमवार तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए। भगवानपुर-सरसावा-अंबाला रोड-बड़ी नहर पुल कांवड मार्ग पर बेरिकेडिंग का कार्य भी अभी तक पूरा नहीं हो सका है। पीडब्लूडी अधिकारियों ने सोमवार तक पूरा कराने का आश्वासन दिया। नागल-देवबंद मार्ग एनएचआई इफको कार्यदायी संस्था द्वारा कराया जा रहा है, वह भी अभी अधूरा है। उपजिलाधिकारी देवबंद ने बताया कि जगह-जगह पर गड्ढे तथा पैच वर्क का कार्य अपूर्ण है। देहरादून रोड कांवड़ मार्ग के किनारों पर स्थित गूलर एवं अन्य पेड़ों की टहनियों के काटने का कार्य पूर्ण कराने हेतु वन विभाग को निर्देश दिए गए। बैठक में प्राथमिकी चिकित्सा के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए। सहारनपुर, टपरी, देवबंद, रामपुर मनिहारान एवं रेलवे स्टेशनों पर प्राथमिकी चिकित्सा के लिए चिकित्सकों की टीम एंबुलेंस सहित 24 घंटे तैनात कराने के निर्देश दिए। जिससे कांवड़ यात्रियों का समय से उचित उपचार किया जाए।