दिल्ली रोड़ निकट कमिश्नर कार्यालय के पास एसबीआई का एटीएम उखाड कर लेगये चोर।
- फोटो : SAHARANPUR
17 लाख से लैस एसबीआई का एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश
सहारनपुर। पिलखनी में केनरा बैंक का एटीएम उखाड़ने के बाद अब दिल्ली हाईवे पर मंडलायुक्त कार्यालय के पास एसबीआई की इंडस्ट्रियल शाखा के एटीएम को बदमाशों ने उखाड़ लिया। एटीएम में करीब 17 लाख रुपये थे। एक चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुधवार सुबह बैंक का स्टाफ काम करने पहुंचा, तो वारदात का पता चला। सूचना पर सदर प्रभारी पंकज कुमार पंत और बाद में एसपी सिटी विनीत भटनागर घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने बैंक शाखा प्रबंधक महिमन सिंह और स्टाफ के अन्य सदस्यों से बात की। बैंक के स्टाफ ने बताया कि इस एटीएम पर दो गार्ड तैनात रहते हैं, जो मंगलवार रात रात 10 बजे चले गए थे। रात करीब तीन बजे कुछ नकाबपोश बदमाश आए और एटीएम को उखाड़कर ले गए। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो पता चला कि वारदात के दौरान कैमरों के केबिल तोड़ दिए गए। लाल रंग का नकाब और नीली जींस पहने एक शख्स कैमरे का केबिल तोड़ता नजर आ रहा है। एसपी सिटी का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा।