सहारनपुर। जनपद में जहरीली शराब से हुई मौतों पर सपा नेताओं ने रोष प्रकट करते हुए इसे शासन प्रशासन की विफलता करार दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को सपा के जिलाध्यक्ष चौधरी रूद्रसैन ने कहा कि इतनी बडी संख्या में जहरीली शराब से हुई मौतों से साफ हो गया कि सरकार का कानून व्यवस्था पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन प्रशासन को लोगों की परवाह नहीं है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाई जाए। साथ ही जहरीली शराब पीकर बीमार हुए लोगों का इलाज सरकारी खर्च पर कराया जाए। मेरठ से सीधे पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे वरिष्ठ सपा नेता अतुल प्रधान ने कहा कि यह घटना प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन चौकन्ना हो तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता है। कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने भी मृतकों के परिजनों को कम से कम 50 लाख मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।