सहारनपुर। जिला निर्वाचन कार्यालय में इन दिनों ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य चल रहा है। इसमें बंगलुरू से विशेषज्ञ पहुंचे हैं। साथ ही जिले के कर्मचारियों को भी इस कार्य में लगाया गया है। चेकिंग का कार्य कई दिन से चल रहा है, जो अभी चलेगा।
चेकिंग कार्य में जुटे कर्मचारियों ने बताया कि यह नई ईवीएम हैं, जो बंगलुरू से आई हैं। मशीनों में 4000 से अधिक बीयू यानी बैलेट यूनिट और करीब इतनी ही सीयू यानी कंट्रोल यूनिट और 3000 से अधिक वीवी पैट मशीनें हैं। मशीनों की एफएलसी यानी फर्स्ट लेवल चेकिंग का कार्य किया जा रहा है। इसमें देखा जा रहा है कि मशीन ठीक से काम कर रही है या नहीं। यानी उसकी बैट्री और फंक्शन ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं। मशीनों को बार कोड सहित दर्ज भी किया जा रहा है। चेकिंग का कार्य जिला विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी मंशाराम यादव और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार शर्मा की देखरेख में चल रहा है। रविवार को चेकिंग कार्य में तरुण राठौर, सूरज पाल, दानिश सिद्दीकी, ज्योति, नेहा, योगेश्वर सिंह आदि शामिल रहे।