बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाया जाए : रुद्रसेन
अंबेहटा। सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की चीनी मिल मालिकों के साथ सांठगांठ के चलते किसानों को बकाया गन्ना भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान ब्याज सहित कराने की मांग की है।
चौधरी रुद्रसेन रविवार को दरियापुर गांव में विकास चौधरी के आवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक में बोल रहे थे। कहा कि भाजपा के शासन मे सभी वर्गों के लोग परेशान हैं। किसानों के सामने गन्ना भुगतान न होने के कारण आर्थिक संकट पैदा हो रहा है। ऊपर से विद्युत निगम द्वारा किसानों को वसूली के नाम पर परेशान किया जा रहा है जो किसानों के साथ सरासर नाइंसाफी है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा देकर सत्ता कब्जाने वाली भाजपा के राज में पूंजीपतियों का विकास हो रहा है। प्रदेश में बहू बेटी सुरक्षित नहीं है जबकि भाजपा अपनी पीठ थपथपाने में लगी है। भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाये। चेतावनी दी कि यदि ऐसा न हुआ तो सपा सड़कों पर उतर कर आंदोलन को बाध्य होगी। गंगोह ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि ऋषिपाल सिंह व जिला पंचायत सदस्य अरविंद चौधरी ने भी बिड़वी मिल को चलवाने की मांग की।
संचालन संजीव नयगांव ने किया। बैठक में प्रवीण बांदूखेडी, चंद्रपाल, राजपाल प्रधान, बालिस्टर, अशोक प्रधान, सुमित, चौधरी मुस्तफा, हसीन कुरैशी, मलखा हसन, बाबी, अमित सिरोही, सत्यप्रकाश कश्यप, सुक्कड, विशाल चकवाली आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।