विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण सील किया
सहारनपुर। सहारनपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को गांव दाबकी जुनारदार क्षेत्र में एक अवैध निर्माण को सील किया। पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्यवाही की गई।
कार्यवाहक सचिव विजय शुक्ला ने बताया कि गांव दाबकी जुनारदार में एक व्यक्ति द्वारा भूतल पर बड़े व्यवसायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। स्थलीय निरीक्षण में निर्माणकर्ता स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखा सका। इस निर्माण के खिलाफ उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की धाराओं में कार्यवाही पूर्ण की गई।
मंगलवार का दिन कार्रवाई के लिए निश्चित किया गया था। टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया। उन्होंने बताया कि विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चल रहा है। शहर में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण और कालोनियां चिह्नित की गई हैं। चुनाव के बाद अभियान में तेजी लाई जाएगी।