बेहट (सहारनपुर)। कलसिया-छुटमलपुर रोड पर संसारपुर गांव के पास बेकाबू डीसीएम ने एक बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हुए है। डीसीएम को चालक मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। 100 नंबर पर सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बेहट सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक का पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। डीसीएम को पुलिस ने कब्जे में लेकर कोतवाली ले जाकर खड़ा कर दिया है।
हादसा बुधवार दोपहर में करीब सवा 12 बजे हुआ। मोहल्ला माजरी निवासी सोनी पुत्र मेहर सिंह, अंकुर पुत्र जितेंद्र अपने दोस्त गांव पानसर निवासी अरुण कुमार के साथ बाइक द्वारा अनवरपुर बरौली गांव से बेहट आ रहे थे। जब यह लोग गांव संसारपुर गांव पास घूम पर पहुंचे तो सामने से आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। हादसे में अरुण कुमार (22) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सोनी व अंकुर घायल हो गए। हादसे के बाद डीसीएम को उसका चालक घटनास्थल से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। राह चलते लोगों ने 100 नंबर पर कॉल कर हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बेहट सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।