देवबंद (सहारनपुर)। अदालत के आदेश पर पुलिस ने धोखे से जमीन बेचने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नागल थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी देवराम ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया था कि उसने नागल निवासी गुलजार से 16 बीघा जमीन खरीदी थी। आरोप है कि जब वह तहसील में उक्त जमीन को दर्ज कराने के लिए पहुंचा तो वहां जानकारी मिली की उक्त जमीन खसरा खतौनी में उसके भाई शहजाद और मुस्तफा के नाम भी चढ़ी हुई है। इसी दौरान गुलजार उसे तहसील के बाहर खड़ा मिल गया। जब उसने धोखाधड़ी करने के बारे में उससे बात की तो वह गाली गलौज करना लगा। इतना ही नहीं विरोध करने पर उसने उसके साथ मारपीट भी की। जिसमें वह घायल हो गया।
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई चार बच्चों की मां
देवबंद। बन्हेड़ा खास गांव से चार बच्चों की मां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीडित पति ने पुलिस को तहरीर देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है।
बन्हेड़ा खांस गांव निवासी राजाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 7 जुलाई को वह काम पर गया हुआ था। शाम के समय वापस आया तो उसे पत्नी सरेशो गायब मिली। परिजनों से पता करने पर जानकारी हुई कि वह बच्चों के किसी काम से जाने के लिए घर से कहकर गई थी। उसके बाद से वह घर नहीं लौटी। जिसके बाद उसने रिश्तेदारी आदि में भी उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। राजाराम के मुताबिक उसकी पत्नी मानसिक रुप से भी कुछ कमजोर है। उसने पुलिस से पत्नी को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है।