अधर में अटका मिनी बाईपास का निर्माण
सहारनपुर। शहर के मिनी बाईपास का निर्माण कार्य छह माह से अधर में अटक गया है। लेखपालों द्वारा रिपोर्ट न भेजने के कारण न तो जमीन ही खरीदी जा सकी और न ही उस पर कोई कार्य ही किया जा सका। यही नहीं निर्माण का बजट भी प्रभावित होने लगा है। लोक निर्माण विभाग ने प्रशासन के आला अफसरों को इस बारे में जानकारी दी है।
बता दें कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सहारनपुर-नागल मार्ग से दिल्ली रोड तक मिनी बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। पांच किलोमीटर लंबा यह मिनी बाईपास मल्हीपुर रोडा और आवास विकास के आखिरी छोर से होता हुआ गांव मवी खुर्द से दिल्ली रोड पर जाकर मिलेगा। लेकिन मल्हीपुर रोड पर आकर मिनी बाईपास ठिठक गया। यहां की जमीन को लेकर तहसील प्रशासन ने हरी झंडी नहीं दी। लेखपालों को यहां की भूमि क्रय कराकर लोक निर्माण विभाग को देनी थी। इस पर कार्य आगे बढ़ना था। लेकिन छह माह में किसी भी लेखपाल ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। दो बार पीडब्लूडी की ओर से पत्र भी भेजा गया। लेकिन लेखपालों ने इसके क्रय संबंधी प्रक्रिया तक शुरू नहीं की।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एके त्यागी ने बताया कि नागल-सहारनपुर मार्ग से मिनी बाईपास का निर्माण काफी समय पहले शुरू कर दिया गया था। लेकिन मल्हीपुर रोड स्थित गांव रामनगर, बादशाहपुर, मवीखुर्द और चुनहैटी गाड़ा में भूमि क्रय न होने की वजह निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। भूमि क्रय किए जाने का प्रस्ताव जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी सदर को भेज दिया गया था। मगर इस क्षेत्र के लेखपाल ब्रजभूषण और अनिल पुंडीर भूमि क्रय के प्रस्ताव पर रिपोर्ट नहीं लगा रहे हैं। इससे निर्माण कार्य में दिक्कत आ रही है। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को पत्र लिखकर लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई और प्रस्ताव पर जल्द रिपोर्ट लगाए जाने का अनुरोध किया।
----
सही नक्शा दे विभाग तो लगाएं रिपोर्ट
सहारनपुर। मिनी बाईपास निर्माण से संबंधित लेखपाल ब्रज भूषण चौहान और अनिल पुंडीर का कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने भूमि क्रय किए जाने के लिए नक्शा उपलब्ध नहीं कराया है। विभाग ने भूमि क्रय करने के लिए जो निशानदेही की थी, उसको भी बार-बार बदल लिया गया। इसलिए रिपोर्ट लगाने में दिक्कत आ रही है। इसके साथ ही लेखपालों की हड़ताल चल रही है। हड़ताल खत्म होने पर ही वह रिपोर्ट लगा पाएंगे। उपजिलाधिकारी सदर के सामने वह अपना पक्ष रख चुके हैं।
----------------------------------
महानगर के लिए महत्वपूर्ण होगा मिनी बाईपास
सहारनपुर। दिल्ली रोड और नागल की तरफ से आने वाले वाहेनों के कारण शहर में जाम लगा रहता है। मिनी बाईपास का निर्माण होने से आधे शहर को जाम से निजात मिल जाएगी। दिल्ली की ओर से उत्तराखंड़ और देवबंद को जाने वाले वाहनों को शहर के बाहर से ही नागल-सहारनपुर मार्ग पर निकाल दिया जाएगा। उत्तराखंड़, नागल और देवबंद की तरफ से दिल्ली जाने वाले वाहन भी इसी रास्ते होकर जाएंगे। इन वाहनों का शहर में प्रवेश नहीं होगा, जिससे दिल्ली रोड, कोर्ट रोड, जिला अस्पताल पुल और पेपर मिल रोड पर जाम नहीं लगेगा।