सहारनपुर। नगर निगम के साइकिल और स्कूटर पार्किंग, मृत पशु निस्तारण तथा रेत-बजरी पार्किंग आदि के ठेकों की नीलामी की प्रक्रिया हंगामेदार रही। टेंडर कॉस्ट समेत कई मामलों में बोली लगाने वालों ने जमकर हंगामा किया। एक बार प्रक्रिया बीच में ही स्थगित कर देनी पड़ी, मगर बाद में फिर शुरू कराया गया। कुल दो करोड़ 12 लाख रुपये के ठेके छोड़े गए।
वर्ष 2018-19 में ठेकों के लिए नीलामी की प्रक्रिया मंगलवार को नगर निगम के हॉल में शुरू हुई। चीफ इंजीनियर जितेंद्र केन, संपत्ति अधिकारी केशव प्रसाद की देखरेख में संपन्न हुई। साथ ही पार्षदों को भी शामिल किया गया। कुल 17 ठेकों की नीलामी प्रक्रिया पूर्वाह्न करीब 11 बजे शुरू की गई। बोली लगाने वालों से खचाखच भरे हॉल में गहमा-गहमी रही। तीन ठेके फाइनल होने के बाद कुछ ठेकेदारों ने टेंडर कॉस्ट पर नगर निगम की नीति स्पष्ट न होने की शिकायत की। ऐसे में स्थिति उलझी हुई बनने की वजह से नगर निगम ने नीलामी की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया। इस पर ठेकेदारों ने हंगामा कर दिया। अधिकारी पीछे के रास्ते से निकल आए। जिसके बाद ठेकेदार भी नारेबाजी करते हुए नीचे आए। उन्होंने नगरायुक्त गौरव वर्मा से मिलकर नीलामी की प्रक्रिया को पूरा कराने की मांग की। जद्दोजहद के बाद फिर से प्रक्रिया शुरू की गई। 16 ठेके कुल दो करोड़ 12 लाख रुपये के ठेके छोड़े गए। पांच नंबर ठेका भूसा मंडी का रहा, जो चकाराता रोड का था। इसको लेकर विवाद हुआ, जिसकी वजह से इसे अभी रोक लिया गया।
------------------------------------
इन ठेेकों की हुई नीलामी
जिन ठेेकों की नीलामी की गई है। उनमें थ्री व्हीलर पार्किंग अंबाला रोड, भू उपयोग परिसर बस अड्डा अंबाला रोड, रेत बजरी पार्किंग शुल्क, साइकिल, स्कूटर और कार पार्किंग जुबली पार्क, मृत पशु निस्तारण, पार्किंग पार्श्वनाथ प्लाजा कोर्ट रोड, पार्किंग जनरल पोस्ट ऑफिस रोड, पशु मंडी कमेला रोड, साइकिल, स्कूटर, कार पार्किंग पालिका बाजार, मीरगंज, दालमंडी पुल, चौक फवारा, साइकिल स्कूटर, कार पार्किंग ताज होटल के सामने कोर्ट रोड, साइकिल, कार, स्कूटर पार्किंग बाजोरिया अस्पताल गेट के सामने, साइकिल, स्कूटर और कार पार्किंग पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने, साइकिल, स्कूटर कार पार्किंग पुराना ट्रांसपोर्ट अंबाला रोड, टैक्सी स्टैंड भूमि रेलवे रोड, पार्किंग रायवाला शामिल हैं।
-------------------------------------
नगरायुक्त ऑफिस पर पार्षदों का हंगामा
सहारनपुर। मंगलवार को पार्षदों ने भी नगरायुक्त ऑफिस के बाहर खूब हंगामा काटा। दरअसल, कुछ पार्षद नगरायुक्त से मिलने पहुंचे थे। उसी समय नगरायुक्त अपने कार्यालय में बैठक ले रहे थे। पार्षदों को इसका पता नहीं था। उन्होंने जैसे ही एंट्री करना चाहा तो बाहर खड़े कर्मचारी ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि कर्मचारी ने एक पार्षद के कंधे पर हाथ लगाकर पीछे कर दिया। इससे पार्षद भड़क उठे और उन्होंने वहीं कर्मचारी को भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। चूंकि कर्मचारी चतुर्थ श्रेणी था। ऐसे में कर्मचारी को अपने दायरे में रहने की बात कहते हुए हड़काया। हंगामा होता देख अन्य कर्मचारी बाहर निकल आए, जिन्होंने पार्षदों को बमुश्किल शांत किया।