सहारनपुर। सोशल ऑडिट टीम के चयन की परीक्षा में ड्यूटी पर देरी से पहुंचने पर जिला विकास अधिकारी ने एक सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) को विकास भवन सभागार से बाहर निकाल दिया। डीडीओ ने फटकार लगाते हुए एडीओ का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को विकास भवन के सभागार में ग्राम पंचायतों के सोशल ऑडिट की टीम की चयन प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव और उनके विभाग की टीम के सदस्य आवेदनकर्ताओं की लिखित परीक्षा ले रहे थे। परीक्षा 12:30 बजे शुरू हुई, जिसमें बलियाखेड़ी ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी की ड्यूटी भी लगी थी। मगर, सहायक विकास अधिकारी देरी से विकास भवन सभागार में पहुंचे तो जिला विकास अधिकारी भड़क गए। उन्होंने एडीओ को सभागार से बाहर जाने के लिए कह दिया। इस पर एडीओ सभागार से बाहर आ गए। जिला विकास अधिकारी ने एडीओ का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। जिला विकास अधिकारी ने बताया कि एडीओ समय से ड्यूटी पर नहीं आए। इसलिए उनका वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायतों के सोशल ऑडिट टीमों की चयन प्रक्रिया के बारे में बताया कि 10 ग्राम पंचायतों पर चार सदस्यों की टीम का चयन किया जाएगा। परीक्षा में अव्वल रहने वाले सदस्य को टीम लीडर बनाया जाएगा। यह टीमें ग्राम पंचायतों में मनरेगा और आवास योजना का सोशल ऑडिट कर रिपोर्ट विभाग को देंगी, जो पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। चयन प्रक्रिया के बाद विभाग टीमों को ट्रेनिंग दी जाएगी। पैनल जिला विकास अधिकारी कार्यालय से अटैच रहेगा।