अंबेहटा समिति में अनूप सिंह फिर बने सभापति
अंबेहटा (सहारनपुर)। सहकारी समितियों के चुनाव में अंबेहटा, खेड़ा अफगान और रणदेवा समितियों में सभापति का चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गया। इसमें ज्यादातर पुराने सभापतियों को ही फिर से मौका दिया गया है। किसान सेवा सहकारी समिति अंबेहटा में सभापति और उप सभापति पद के लिए एक-एक ही नामांकन आने के कारण चुनाव अधिकारी सर्वजीत सिंह ने अनूप सिंह को सभापति और डा. बिंदरपाल कल्याण को उप सभापति निर्वाचित घोषित कर दिया। इसके अलावा साधन सहकारी समिति खेड़ा अफगान में भी एक-एक नामांकन होने के कारण चुनाव अधिकारी ने इमरान खां को सभापति और रंजीत सिंह को उपसभापति घोषित किया।
इसके अतिरिक्त साधन सहकारी समिति रणदेवा मे भी सभापति का चुनाव निर्विरोध तरीके से ही संपन्न हुआ। यहां चुनाव अधिकारी राजकुमार ने दोनों पदों के लिए एक-एक ही नामांकन के कारण हरिपाल सिंह को सभापति और नारायण सिंह के निर्विरोध उपसभापति निर्विाचित घोषित किया गया।
किसान सेवा सहकारी समिति फंदपुरी में निर्भय अपनी प्रतिद्वंद्वी कविता को हराकर सभापति बने। निर्भय को छह जबकि कविता देवी को तीन मत मिले। उप सभापति नरेंद्र कुमार निर्विरोध चुने गए। चुनाव अधिकारी मेघपाल सिंह ने विजयी हुए लोगों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।