सहारनपुर। जिले भर में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। सरकारी भवनों, स्कूल कॉलेजों, व्यपारिक, सामाजिक संस्थानों पर शान से तिरंगा फहराया गया। मदरसों में भी ध्वजारोहण किया गया। इस मौके पर जगह-जगह सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
गणतन्त्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में आयुष मंहत्री धर्म सिंह सैनी द्वारा परेड की सलामी ली गई। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर परेड द्वारा हर्ष फायर किए गए। कार्यक्रम में स्कूलों के छात्रा-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रदान किए गए डीआईजी केएस इमेनुएल, उप निरीक्षक जर्रार हुसैन, उप निरीक्षक मुबारिक हसन एवं आरक्षी योगेंद्र को कमांडेशन डिस्क गोल्ड से सम्मानित किया गया। परेड में उच्चकोटि की परेड प्रस्तुत करने पर यातायात पुलिस को प्रथम पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा जनपद में शांति व्यवस्था कायम करने, अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने में योगदान करने के लिए कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यालयों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। एएसपी सुरेंद्र दास को उनके द्वारा परेड के आयोजन और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तलवार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, डीआईजी केएस इमेनुएल, जिलाधिकारी पीके पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन मौजूद रहे।