बालिकाओं के बैडमिंटन में रामानुजम सदन ने बाजी मारी
देवबंद (सहारनपुर)। श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में चल रही वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में तीसरे दिन बालिका सीनियर व जूनियर वर्ग में बैडमिंटन और खो-खो की स्पर्धाएं आयोजित की गई।
बैडमिंटन के प्रथम सेमीफाइनल (सीनियर बालिका वर्ग) में रमन सदन की रिफत ने आर्यभट्ट सदन की दीया शर्मा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल रामानुजम सदन की पारूल ने भाभा सदन की शीतल को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में रामानुजम सदन की पारूल ने रमन सदन की रिफत पर शानदार जीत हासिल कर प्रतियोगिता अपने नाम की। बैडमिंटन जूनियर बालिका वर्ग का पहला सेमीफाइनल
आर्य भट्ट सदन की तेजस्वी व रमन सदन की विदुषी के मध्य खेला गया। फाइनल में रमन सदन की नंदिनी त्यागी ने आर्य भट्ट सदन की तेजस्वी को हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की। खो-खो बालिका वर्ग के प्रथम सेमीफाइनल में रामानुजम सदन ने रमन सदन को हराया। इसी स्पर्धा के दूसरे सेमीफाइनल में भाभा सदन ने आर्य भट्ट सदन को पराजित किया। खो-खो बालिका जूनियर वर्ग का फाइनल मैच रमन व रामानुजम सदन के मध्य खेला गया। जिसमें रामानुजम सदन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रमन सदन की टीम को पराजित किया। खो-खो बालिका सीनियर वर्ग का फाइनल मैच रामानुजम सदन व भाभा सदन के मध्य खेला गया। जिसमें रामानुजम सदन ने भाभा सदन की टीम को हराकर जीत हासिल की। मुख्य अतिथि डा. चंदन सिंह राणा, डा. प्रदीप वर्मा व अरविंद तोमर ने कहा कि खेलों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। प्रधानाचार्य विजय गुप्ता ने भी विचार रखे।