एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने पर कार्रवाई होगी : डीएम
सहारनपुर। जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पांडेय ने राज्य कर विभाग के अधिकारियों को एमआरपी से अधिक वसूलने वाले व्यापारी चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सामान की एमआरपी से अधिक कीमत न वसूलने दी जाए। उन्होंने कहा कि जीएसटी के नाम पर किसी भी उपभोक्ता का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। डीएम ने कहा कि अधिकारी बाजारों में निरंतर भ्रमण कर स्थिति पर पैनी नजर रखें। साथ ही व्यापारियों के संगठनों, अधिवक्ताओं तथा आम जनता को जागरूक करने के लिए निरंतर शिविरों का आयोजन करें।
छात्रवृत्ति के आनलाइन आवेदनों की समीक्षा करें : सीडीओ
सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं को मिलने वाली प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक तथा मेरिट आधारित छात्रवृत्ति योजनाओं में ऑनलाइन आवेदनों की पाक्षिक समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सीडीओ ने बताया कि छात्रवृत्ति योजना में जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय स्तर पर शासन के नीति के अनुरूप प्रगति नहीं हो रही है। इसे शासन ने गंभीरता से लिया है। इसलिए आवेदनों की समीक्षा के बारे में निर्देशित किया गया है।
मल्हीपुर में 17 को लगेगा स्वास्थ्य शिविर
सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल द्वारा गोद लिए गए गांव मल्हीपुर में 17 सितंबर को स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। इसमें नेत्र विशेषज्ञों द्वारा आंखों की जांच की जाएगी। साथ ही मल्हीपुर के प्राथमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को बैठने के लिए बैंच की भी व्यवस्था की जाएगी। मंडलायुक्त बुधवार को प्राथमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को शिक्षक के रूप में पढ़ाई कराते है।
राष्ट्रीय लोक अदालत 17 को
सहारनपुर। सस्ता एवं सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से 17 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह ने भी वादकारियों का आह्वान किया है कि वे अपने वादों के निस्तारण के लिए लोक अदालत में पहुंचे। बता दें कि पहले राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन नौ सितंबर को होना था। अब यह 17 सितंबर को होगा।