बड़गांव। क्षेत्र बंटवारे के विवाद को लेकर बुधवार को मंगलामुखियों के दो गुटों में थाना परिसर में जमकर बहस बाजी हुई। हंगामे को देख कर थाने में काफी संख्या में लोगों का जमघट लग गया। पुलिस के हड़काने पर दोनो गुट लौट गए।
बता दें कि गत दीपावली पर्व के दौरान नानौता के मंगलामुखियों ने अपने साथ ढोलकियां का कार्य करने वाले दल्हेड़ी गांव निवासी एक साथी का आपरेशन कराकर मंगलामुखी बना दिया था। उसके बाद पीड़ित ने चार के खिलाफ बड़गांव थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह मामला जब सुर्खियों में आया तो कुछ मोअज्जिज लोगों ने दोनों पक्षों में सुलह कराते हुए पीड़ित को बड़गांव क्षेत्र के छह गांव मांगने के लिए दे दिए थे। अब आरोप है कि उक्त मंगलामुखी ने बड़गांव क्षेत्र के सभी गांव में मांगना शुरू कर दिया है। इसे लेकर बुधवार को काफी संख्या में नानौता, देवबंद, बड़ौत आदि के मंगलामुखी बड़गांव थाने पर इकट्ठा हो गए। क्षेत्र बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर तालियां बजीं। इसे देख ग्रामीणों का थाना परिसर के बाहर तांता लग गया। शाम तक भी दोनों पक्षों में कोई समझौता नहीं हो सका था। थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार का कहना है कि दो पक्षों में क्षेत्र बंटवारे को लेकर कुछ विवाद बना है जिसका दोनों पक्षों के साथ मिल बैठकर समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं। अगर इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता नहीं होता है तो उचित कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति भंग करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।