सहारनपुर । क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के लिए बुधवार को नामांकन पत्र जमा कराए गए। अपराह्न चार बजे तक सभी रिक्त पदों के लिए कुल 77 नामांकन पत्र जमा हुए। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
जनपद में क्षेत्र पंचायत सदस्य के सात, ग्राम प्रधान के पांच और ग्राम पंचायत सदस्य के 58 रिक्त पदों पर उपचुनाव होना है। 28 जून तक नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होगी, जिसके बाद 6 जुलाई को मतदान और फिर 8 जुलाई को मतगणना कराई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी निर्देश के मुताबिक बुधवार को नामांकन पत्र जमा कराए जाने थे। रिक्त पदों के संबंधित ब्लाक कार्यालय पर नामांकन पत्र जमा कराए गए। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पद के लिए सामान्य जाति से दो, अन्य पिछड़ा वर्ग से दो, अनुसूचित जाति वर्ग से चार सहित आठ नामांकन पत्र जमा हुए। ग्राम प्रधान पदों के लिए सामान्य जाति से 9, अन्य पिछड़ा वर्ग के 10 और अनुसूचित जाति वर्ग के 5 नामांकन पत्र जमा हुए। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए सामान्य जाति से 10, अन्य पिछड़ा वर्ग से 22 और अनुसूचित जाति वर्ग के 13 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। इस तरह से सभी रिक्त पदों के सापेक्ष कुल 77 नामांकन पत्र जमा कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 28 जून को नाम वापसी का दिन निर्धारित है। 28 जून को ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।