चालाकपुर में घरों में करंट फैला, कई ग्रामीण झुलसे
चिलकाना (सहारनपुर)। गांव चालाकपुर में हाईटेंशन लाईन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इसके बाद गांव के अनेक घरों में करंट फैल गया। कई घरों के घरेलू उपकरण जल गए और कई ग्रामीण भाी करंट से झुलस गए। ग्रामीणों को गांव में ही प्राथमिक उपचार दिलाया गया। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त नहीं किया जाएगा तब तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं होने दी जाएगी।
मंगलवार सुबह करीब साढे 10 बजे गांव यह हादसा हुआ। अचानक आए करंट से घरों में मौजूद लोग करंट की चपेट में आ गये। घरों में रखे बिजली के उपकरण, पंखे, फ्रिज, टीवी, इन्वर्टर, कूलर, टूल्लू पंप, मोबाइल आदि जल गए। गांव की नाजरीन तथा आतिफा घर में हैंडपंप पर कपड़े धो रही थी। नमी के कारण करंट आने से दोनों झुलस गईं। इसके अलावा शाहनुमा, नोमान, तबस्सुम, बानो, सोनू, बाबर, फूलकली, इकराम, इमरान भी झुलस गए। रिश्तेदारी में आयी आयशा सीढ़ियों में करंट आने से वहीं से लुढ़क कर गिर गई। उसे गांव में ही प्राथमिक उपचार दिया गया। तेज करंट से गांव की कुरैशियान मस्जिद के अलावा अहकाम, अकबर, अहतेशाम, शमशाद, अरशद, फरमान, इकराम, इरफान, नौशाद, शोएब, गफूर, अनिल आदि के फ्रिज, टीवी, पंखे, कूलर, मोबाईल, बिजली की फिटिंग का सामान जल गया। गांव के प्रधान मुकर्रम सहित इसरार, राजकुमार, सुलेमान, नौमान, संजय, बलबीर ने थाना पुलिस और विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को घटना से अवगत कराया।
मौखिक सूचना दी थी, तार ठीक नहीं किया
ग्रामीणों ने कहा कि तार टूटने की मौखिक सूचना बिजलीघर में दी गई थी। लेकिन तार को ठीक नहीं किया गया। मंगलवार सुबह जब तार को ठीक किए बिना ही बिजली सप्लाई चालू कर दी गई तो एलटी लाईन में भी करंट आ गया। एलटी लाइन का करंट गांव के एक हिस्से के घरों में फैल गया। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए और पीड़ितों को उचित सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि जब तक विद्युत निगम के अधिकारी गांव से होकर जा रही एचटी लाइन के तारों को ठीक नहीं करते, जब तक वह बिजली सप्लाई चालू नहीं करने देंगे।
रात में आंधी से लाइन में आया फाल्ट : अवर अभियंता
अवर अभियंता राजकुमार ने बताया कि में रात में आंधी के कारा लाइन में फाल्ट आया था। फाल्ट ठीक करने के बाद जैसे ही सप्लाई छोड़ी गई तो हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। मात्र दो मिनट ही सप्लाई चल पाई तथा इसी बीच यह घटना घट गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने विद्युत कर्मचारियों को लाइन ठीक करने नहीं दिया है। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।