जीपीएफ और सेवा पुस्तिका में नहीं मिले हस्ताक्षर
सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह ने बृहस्पतिवार को बलियाखेड़ी ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया। सेवा पुस्तिका और जीपीएफ पासबुक पूर्ण मिली, लेकिन उस पर खंड विकास अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं थे, जिस पर सीडीओ ने नाराजगी प्रकट की।
सीडीओ ने मौके पर उपस्थित संबंधित पटल सहायक को तत्काल पासबुक पर हस्ताक्षर कराए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद सीडीओ ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता रामपाल सिंह के अवकाश का प्रार्थना पत्र पंजिका में लगा हुआ मिला, लेकिन प्रार्थना पत्र किसी सक्षम अधिकारी से स्वीकृत नहीं कराया गया था। विकास खंड कार्यालय में रोजगार मानदेय भुगतान पंजिका नहीं बनाई गई हैै। 14वें वित्त एवं चतुर्थ वित्त आयोग की पंजिका का अवलोकन करने पर पाया कि संबंधित सहायक विकास अधिकारी और पंचायत ने उक्त दोनों स्कीम की पंजिका एक ही बनाई है, जिससे स्पष्ट नहीं हो सका कि 14वें वित्त एवं चतुर्थ वित्त आयोग में कितनी धनराशि शेेष है। सीडीओ ने सहायक विकास अधिकारी को तत्काल अलग-अलग पंजिका बनाने के निर्देश दिए।