प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में नए लाभार्थियों का पंजीयन शुरू
सहारनपुर। आदर्श चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के नए लाभार्थियों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। पहले पंजीकृत जिन किसानों का नाम या आधार कार्ड लिंक न होने के कारण सम्मान राशि वापस हो गई थी या फिर आई नहीं थी, उनका लेखपालों से सत्यापन कराया जा रहा है।
आदर्श चुनाव आचार संहिता के समाप्त होने पर पोर्टल खुलते ही कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। साथ ही उन किसानों का सत्यापन भी कराया जा रहा है, जिनके खाते में इस योजना की धनराशि अब तक नहीं गई है।
जनपद में अब तक 4,11,600 किसानों का योजना में पंजीकरण हो चुका है। इनमें से करीब 12,587 किसानों का नाम, आधार कार्ड और खाता संख्या लिंक न होने के कारण लेखपालों से दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है। योजना के तहत किसानों को छह हजार रुपये की धनराशि प्रतिवर्ष दी जानी है।
उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में अब सभी किसानों को शामिल किया गया है। दो हेक्टेयर से अधिक जोत वाले किसानों के पंजीकरण के लिए ब्लाक स्तर पर कागजात लिए जा रहे हैं। जिनकी फीडिंग का काम भी शुरू कर दिया है। साथ ही जिन किसानों के आधार कार्ड में दर्ज नाम या खाता संख्या लिंक न होने के कारण सम्मान राशि आने में परेशानी हो रही थी, उनका सत्यापन लेखपाल से कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद उनका डाटा दोबारा फीड किया जाएगा।