यमुना में खतरे की जगहों को चिह्नित किया जाए : इंद्रसैन
गंगोह (सहारनपुर)। गांव कुतुबखेड़ी के दो युवकों विशाल और अमन की यमुना नदी में डूबने से मौत के बाद सपा के गंगोह विधानसभा प्रभारी चौधरी इंद्रसैन बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवारों से मिले। उन्होंने युवकों की मौत पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।
चौधरी इंद्रसैन ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि यमुना नदी में स्नान के लिए जाने वाले युवकों से लेकर अन्य लोगों की जिंदगी कई बार खतरे में पड़ चुकी है। इसलिए ऐसे हादसों को रोकने के लिए यमुना नदी में खतरे वाली उन जगहों को चिह्नित करना जरूरी है, जहां डूबने से लोगाें की जिंदगी खत्म हो रही है। उन्होंने कहा कि युवकों की मौत से सबक लेते हुए जिला प्रशासन को इस दिशा में जल्द कदम उठाना चाहिए। इसके साथ ही चेतावनी बोर्ड लगाने जैसी व्यवस्थाएं करनी चाहिएं।