ईद की नमाज के लिए ईदगाह पर रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
सहारनपुर। ईदगाह पर सुबह होने वाली ईद-उल-फितर की नमाज के लिए पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ईदगाह के आसपास 80 प्वाइंटों पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। आसपास के थाने की पुलिस के अलावा सात कंपनी पीएसी एवं सीआरपीएफ तैनात रहेगी। साथ ही शहर की सभी मस्जिदों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की है।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र स्थित ईदगाह पर सुबह 8.40 बजे नमाज अदा कराई जाएगी। ईदगाह पर नमाजियों की अधिक संख्या होने की संभावना के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। ईदगाह पर सुरक्षा के लिए 80 प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा। साथ ही प्रमुख प्वाइंटों पर क्यूआरटी लगाई गई है। इसके अलावा सात कंपनी पीएसी और सीआरपीएफ की सुरक्षा में तैनात की गईं हैं। सिविल डिफेंस एवं ट्रैफिक वार्डन को भी व्यवस्था में सहयोग के लिए लगाया गया है। ईदगाह के अलावा शहर की छोटी बड़ी लगभग 260 मस्जिदों समेत जिले भर की मस्जिदों एवं ईदगाहों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि जिले भर में पीस कमेटियों की बैठक कर ली गई है। जिन लोगों से भी शांति भंग की आशंका है तथा जमानत पर आए हुए हैं, उनका मुचलका पाबंद किया गया है। इसके अलावा शहर में पशु पालकों को नोटिस भेजकर पशुओं को बाड़े में ही बंद रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं।
-----------
मार्ग देखकर ही वाहन लेकर घर से निकले, रहेगा रूट डायवर्जन
ईद पर घर से वाहन लेकर निकल रहे हों तो रास्ते की जानकारी करके ही निकलें। ईद पर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए सुबह चार बजे से रूट डायवर्जन किया गया है।
1. दिल्ली की ओर से अंबाला की ओर जाने वाले भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली नानौता में संजय चौक से नकुड़, गंगोह के रास्ते सरसावा होकर जाएंगे।
2. दिल्ली की ओर से देहरादून की ओर जाने वाले भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली नानौता में संजय चौक से बड़गांव के रास्ते देवबंद होकर जाएंगे।
3. अंबाला की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली सरसावा से नकुड़, गंगोह, नानौता मे संजय चौक से होकर जाएंगे।
4. अंबाला की ओर से देहरादून, मुजफ्फरनगर जाने वाले भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली सरसावा से नकुड़, फंदपुरी, मानकमउ, शुगर मिल, हसनपुर चौक, दीवानी तिराहे से एसबीडी चौक होते हुए देहरादून जाएंगे।
5. विकासनगर, बेहट की ओर से दिल्ली जानने वाले भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली कलसिया तिराहे से छुटमलपुर, गागलहेड़ी, देवबंद से नानौता होकर जाएंगे।
6. देहरादून, हरिद्वार की ओर से अंबाला रोड की ओर जाने वाले भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली छुटमलपुर से गागलहेड़ी, देवबंद, नानौता, गंगोह, नकुड़, सरसावा होकर जाएंगे।
7. देहरादून की ओर से शामली, दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली गागलहेड़ी से नागल, देवबंद, बड़गांव, नानौता होकर जाएंगे।
8. देहरादून की ओर से अंबाला की ओर जाने वाले छोटे वाहन अंबेडकर चौक से एसबीडी चौक, कलक्ट्रेट तिराहा, हसनपुर चौक, शुगर मिल तिराह, मानकमउ पुलिया, नकुड तिराहा से अंबाला की ओर जाएंगे।
9. अंबाला की ओर से देहरादून की ओर जाने वाले हल्के वाहन नकुड़ तिराहे से मानकमउ, शुगर मिल तिराहा, सर्किट हाउस, हसनपुर चौक, सिविल लाइन तिराहा, एसबीडी चौक, अंबेडकर चौक होकर देहरादून जाएंगे।
10. बेहट रेाड, देहरादून रोड, टपरी रोड, बड़गांव रोड, दिल्ली रोड, अंबाला रोड एवं चिलकाना रोड से नगर क्षेत्र की ओर किसी भी प्रकार का भारी वाहन ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली को निर्धारित अवधि में नहीं आने दिया जाएगा। इसके अलावात गंगोह बस अडडा एवं नकुड़ तिराहे की ओर से कोई भी रोडवेज बस अंबाला रोड पुल की ओर नहीं जाएगी।
-----------
-- यह रहेगी पार्किंग व्यवस्था
1. नकुड़, सरसावा की ओर से आने वाले नमाजियों के वाहनों की पार्किग अंबाला रोड पुल से सर्किट हाउस वाली रोड पर एवं एलाईट पेट्रोल पंप के सामने खाली पड़े स्थान पर होगी।
2. घंटाघर से आने वाले नमाजियों के वाहनों की पार्किंग गांधी पार्क में कराई जाएगी।
3. चिलकाना की ओर सेे आने वाले नमाजियों के वाहनों की पार्किंग गोल्डन ब्रिज, फरीदी धर्म कांटा, पशु पैठ बाजार में कराई जाएगी।
4. दोपहिया वाहनों की पार्किंग कल्पना सिनेमा की बाउंड्री में कराई जाएगी। जिसके भर जाने के बाद सभी प्रकार के दुपहिया एवं चार पहिया वाहनों को गांधी पार्क में पार्क कराया जाएगा।