सड़क हादसे में भांजी की मौत, मामा सहित तीन घायल
छुटमलपुर (सहारनपुर)। सुंदरपुर-शाकंभरी मार्ग स्थित खुशहालीपुर के पास ट्रैक्टर ट्राली और बाइक की जबरदस्त टक्कर से बाइक पर सवार मामा और उसकी तीन भांजियां घायल हो गए। इनमें उपचार के दौरान दस वर्षीय एक भांजी को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया जबकि चालक फरार हो गया। इस हादसे से परिवार में ईद की खुशियां मातम में बदल गईं।
थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के बारूगढ़ (कुरडीखेड़ा) का निवासी इंतजार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी भांजी 15 वर्षीय शाहरा पुत्री अब्दुल वारिस निवासी चौली थाना भगवानपुर, 14 वर्षीय आशिया पुत्री शमशाद और दस वर्षीय अफ्शा पुत्री शमशाद निवासी बंजारेवाला को बाइक पर अपने गांव की ओर आ रहा था। जैसे ही वह सुंदरपुर मार्ग पर गांव खुशहालीपुर के पास पहुंचा तो सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बच्चियों सहित चारों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी फतेहपुर भिजवाया। यहां दस वर्षीय अफ्शा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इंतजार और आशिया की गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया जबकि शाहरा को मामूली चोट के चलते प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया। पुलिस ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर थाने ले आयी। हादसे के बाद ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई न किए जाने के लिए लिखित में दिया है। इसके बाद शव को उन्हें सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में ईद की खुशियां मातम में बदल गई। बाइक सवार इंतजार ने हेलमेट नहीं लगाया था और एक ही बाइक पर बच्चियों सहित चार सवार थे।