दो अवैध निर्माण ध्वस्त किए, एक पर लगाई सील
सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को अनाधिकृत रूप से बनाई जा रही कालोनी और व्यवसायिक भवन को ध्वस्त करा दिया, जबकि एक अनाधिकृत निर्माण पर सील लगा दी गई।
सहारनपुर विकास प्राधिकरण के सचिव विजय शुक्ला ने बताया कि टपरी रेलवे स्टेशन के पास मुख्य नागल मार्ग पर 300 वर्ग गज में अनाधिकृत रूप से व्यवसायिक भवन का निर्माण किया जा रहा था। पूर्व में नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्माण बंद नहीं कराया गया। इसी कारण मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण ध्वस्त करा दिया।
वहीं, नागल रोड पर ही 12 बीघा भूमि पर अवैध रूप से कालोनी का निर्माण किया जा रहा था। गत नौ मई को इन्हें नोटिस भेजा गया था, लेकिन मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया और न ही कागजात पेश किए गए। इसी कारण अवैध कालोनी में हुए निर्माण ध्वस्त करा दिया गया। इसके अलावा प्रद्यमुन नगर में अनाधिकृत रूप से भवन के बेसमेंट का निर्माण कराने के लिए मिट्टी निकालने और चिनाई का कार्य किया गया। पूर्व में नोटिस देने के बावजूद निर्माण नहीं रोका और कागजात पेश नहीं किए, जिस कारण निर्माण पर सील लगा दी गई।