गेहूं खरीद में पिछड़ने पर 33 केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी
सहारनपुर। गेहूं की सरकारी खरीद में जिला पिछड़ गया है। लक्ष्य का करीब 70 फीसदी गेहूं ही अब तक सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीदा गया है जबकि पांच जून तक ही गेहूं की सरकारी खरीद होनी है। ऐसे में लक्ष्य को पूरा करना खरीद एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है। गेहूं खरीद में पिछड़ने के कारण 33 क्रय केंद्र प्रभारियों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
तमाम कोशिश के बाद भी जिले में गेहूं की सरकारी खरीद पिछड़ रही है। जिले को 72,500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए 96 गेहूं क्रय केंद्र खोले गए हैं। लेकिन अब तक मात्र 49695.843 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदा जा सका है। जो लक्ष्य का करीब 70 फीसदी ही बैठता है जबकि पिछले वर्ष इस अवधि में सरकारी केंद्रों पर 66947.29 मीट्रिक टन गेहूं खरीद हुई थी। गेहूं की कम खरीद को लेकर हाल ही में जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने 33 क्रय केंद्र प्रभारियों को नोटिस भी जारी किए हैं। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को गेहूं खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी ने बताया कि जिले में अब तक शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य का करीब 70 प्रतिशत ही गेहूं खरीद हो सकी है। गेहूं की सरकारी खरीद 15 जून तक होनी है। गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
----------------------------------------------
जिले में सरकारी गेहूं खरीद की स्थिति एक नजर में
- जनपद को दिया गया लक्ष्य -72500 मीट्रिक टन
- अब तक हुई गेहूं खरीद -49695.843 मीट्रिक टन
- गत वर्ष इस समय तक खरीद -66947.29 मीट्रिक टन
- गेहूं खरीद के लिए क्रय केंद्र 96
- लाभान्वित हुए किसान--- 18070
- किसानों को किया गया भुगतान 9243.43 लाख रुपये
-------------------------------------------------