एक माह से बायोमैट्रिक मशीन बंद, नहीं बन पा रहे आधार कार्ड
नकुड़ (सहारनपुर)। नगर की एसबीआई शाखा में लगी एकमात्र बायोमैट्रिक मशीन करीब एक माह से बंद पड़ी है। इसकी वजह से आधार कार्ड बनवाने और इसमें सुुधार करवाने के लिए लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने डीएम से आधार कार्ड मशीन को शीघ्र शुरू करवाने और नगर में मशीनों की संख्या बढ़वाने की मांग की है।
कुछ माह पूर्व नगर के कई जनसेवा केंद्रों पर संचालित बायोमैट्रिक मशीनें बंद होने के बाद नगर के तहसील-बाईपास रोड़ पर स्थित एसबीआई शाखा में यह सुविधा संचालित कराई गई थी। मगर यहां भी एकमात्र बायोमैट्रिक मशीन भी करीब एक माह से बंद पड़ी है। इसके चलते आधार कार्ड बनवाने और आधार कार्ड में त्रुटियों को ठीक कराने के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। बताया जाता है कि यहां रोजाना करीब 100 से 150 लोग आधार कार्ड बनवाने और अपडेट करवाने आते थे। एक ही ऑपरेटर होने से सिर्फ 25-30 लोगों के ही आधार लिए जा रहे थे। इसकी वजह से यहां आए दिन आपरेटर और उपभोक्ताओं के बीच विवाद होना आम बात हो गई थी। लोगों की शिकायत पर एसडीएम ने यहां टोकन की व्यवस्था करायी गई थी। इसके बाद जरूरतमंद लोग सुबह छह बजे ही खिड़की पर लाइन लगा देते थे तथा टोकन पर मिले समय अनुसार दो या तीन दिन बाद आकर अपना आधार संबंधी कार्य कराते थे। कस्बा निवासी अमित, संदीप, सुरेश, बबीता व अजय आदि ने बताया मशीन बंद होने से उनके आधार कार्ड संबंधी काम नही हो पा रहे हैं। इस मामले में एसबीआई शाखा में बायोमैट्रिक मशीन संचालिका मोंटी देवी ने बताया कि एक मई से मशीन का संचालन बाधित है। उन्होंने इस बारे में अधिकारियों को अवगत कराया है। जल्द ही इसके सुचारु होने की संभावना है।