सहारनपुर। संगीनों के साए में कड़ी सुरक्षा के बीच लोकसभा चुनाव की मतगणना की गई। मतगणना परिसर में प्रवेश करने वालों की तीन स्तर से चेकिंग की गई। जबकि बैरियर लगाकर लोगों को एक किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया।
सहारनपुर लोकसभा के हुए चुनाव की मतगणना को लेकर पहले से ही काफी गहमागहमी का माहौल बना हुआ था। गठबंधन द्वारा तो पहले ही मतगणना स्थल पर ही डेरा डाल दिया था। जिस कारण मतगणना के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम कराए गए थे। 27 सेक्शन सशस्त्र बल लगाया गया था। सीआरपीएफ, आरआरएफ और आरएएफ ने दो दिन से केंद्रीय भंडारण निगम के परिसर को घेर लिया था।
बृहस्पतिवार को ट्रांसपोर्ट नगर रोड पर बैरियर लगाकर आम लोगों को रोक दिया गया। उसके बाद जनता रोड पर और ग्राम चकहरेटी पर बैरियर लगाकर चेकिंग की गई। वेयरहाउस परिसर में तीन स्तरीय चेकिंग की गई। बाहर गेट पर हैंड मेटल डिटेक्टर से चेकिंग की गई, उसके बाद डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से गुजारा गया तथा उसके बाद मतगणना स्थल का अलग से गेट बनाकर चेकिंग की गई। इलेक्ट्रानिक डिवाइस को मतगणना स्थल पर ले जाने से प्रतिबंधित कर दिया गया। प्रत्येक विधान सभा के मतगणना स्थल के बाहर सशस्त्र पुलिस बल लगाया गया। किसी को भी मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने ड्रोन कैमरों से आसपास के क्षेत्र में नजर रखी गई। जब तक मतगणना पूरी नहीं हो गई तब तक मतगणना परिसर में लोगों को प्रवेश नहीं करने दिया गया। सात बजे के बाद मतगणना पूरी हुई। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न कराई गई है। कहीं भी किसी प्रकार की कोई आपत्ति अथवा शिकायत नहीं हुई है। शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना कराई गई।