छुटमलपुर (सहारनपुर)। दिल्ली की आप सरकार में समाज कल्याण मंत्री राजेन्द्र प्रसाद गौतम बुधवार को छुटमलपुर में भीम आर्मी मुखिया चंद्रशेखर से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि संविधान की रक्षा के लिए उन्हें मंत्री पद भी गंवाना पड़ा तो वे पीछे नहीं हटेंगे।
समाज कल्याण मंत्री राजेन्द्र प्रसाद गौतम अपने बीस से भी ज्यादा साथियों के साथ चंद्रशेखर से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने करीब आधा घंटे तक चंद्रशेखर से अकेले में मुलाकात की। इसके बाद दोनों ने एकसाथ समर्थकों को संबोधित किया। मंत्री ने कहा कि भाजपा दलित, वंचितों एवं पिछड़ों का उत्पीड़न कर रही है। दलित समाज ने चार हजार सालों तक गुलामी की है। अब भी कुछ लोग संसद के सामने खुलेआम पुलिस की मौजूदगी में बाबा साहेब द्वारा लिखे गए संविधान की प्रति जलाते हैं और सरकार उनका कुछ नहीं करती। भीम आर्मी मुखिया भाई चंद्रशेखर ने दलितों के उत्थान के लिए जो मूवमेंट चलाई है उसके लिए उनका साथ देने के लिए वे हर समय तैयार खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पीढ़ी को संविधान एवं बाबा साहेब को पढ़ना होगा। वर्तमान में यदि दलित समाज का कोई आदमी बडे़ पदों पर बैठा है तो वह बाबा साहेब डा. अंबेडकर की ही देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान को बदला चाहती है किंतु दलित समाज संविधान की रक्षा के लिए किसी भी बलिदान से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि मैं समाज के साथ खड़ा हूं चाहे इसके लिए मंत्री पद भी गवाना पडे़। दोपहर को बड़गांव के शब्बीरपुर से प्रधान शिव कुमार भी चंद्रशेखर से मिलने पहुंचे। वे भी चंद्रशेखर के साथ जेल में थे।