मकान के बाहर बना बरामदा गिरा, बालक घायल
देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला सराय पीरजादगान में एक मकान के आगे बना बरामद ढह गया। इसके मलबे तले दबकर एक पांच वर्षीय बालक घायल हो गया। वहीं, करीब एक घंटे की बारिश से बुधवार को नगर की सड़कों पर जलभराव हो गया।
बुधवार को तीन बजे बारिश एकाएक आरंभ हो गई। करीब एक घंटे की बारिश से नगर के अधिकांश मोहल्लों की सड़के लबालब पानी से भर गई। आलम यह था कि लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया। जिसे बारिश थमने के बाद लोगों ने बाहर निकाला। नगर के मोहल्ला सराय पीरजादगान में मौ. वाजिद का पुत्र आरिस घर के बरामदे में खेल रहा था। इसी दौरान बरामद की छत भरभराकर गिर पड़ी। इसके मलबे में दबने से आरिस घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उपचार के बाद उसको घर भेज दिया। बारिश से नगर के इंडस्ट्रियल स्टेट, सरकारी अस्पताल, मोहल्ला नेचलगढ़, दारुल उलूम रोड, भायला रेती चौक आदि स्थानों पर जलभराव होने से लोग घंटों परेशान रहे।