करंट से भेड़ मरी, विरोध में प्रदर्शन किया
गंगोह (सहारनपुर)। विद्युत निगम के कर्मचारियों से मिलीभगत कर एक निजी शिक्षण संस्थान के संचालकों ने एचटी लाइन का केबिल भूमिगत करा कर आपूर्ति चालू करा ली। लाइन में कट होने के कारण रविवार को एक भेड़ की करंट से मौत हो गई जबकि भेड़ पालक ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। क्षेत्र के लोगों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की है।
बाईपास मार्ग से गुडछप्पर जा रहे मार्ग पर एक शिक्षण संस्थान संचालक द्वारा विद्युत कर्मियों की मिलीभगत से हाईटेंशन लाइन को अवैध रूप से भूमिगत रूप से ले जाया गया है। उक्त लाइन बीच में से अनेक स्थानों पर कटी हुई है। रविवार को मोहल्ला टाकान निवासी भेडपालक राजकुमार अपनी भेडों को चरा रहा था। तभी उसकी एक दुधारू भेड़ लाइन की चपेट में आ गई। करंट लगने से भैंस ने दम तोड़ दिया जबकि राजकुमार ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई।
हादसे के बाद कालोनीवासियों संजय सैनी, ब्रह्मपाल सैनी, कमलेश कुमार, मनोज शर्मा, पूनम सैनी, प्रेमचंद शर्मा, रमेशचंद, राजेश कुमार आदि ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि जरा सी बरसात होते ही इस मार्ग पर जलभराव हो जाता है। हाइटेंशन लाइन के बराबर में ही आवासीय कालोनी एवं अनेक विद्यालय स्थित है। कालोनी में रहने वाले लोगों के साथ ही शिक्षण संस्थानों में पड़ने वाले छात्रों और राहगीरों के साथ हादसा हो सकता है। संजय सैनी ने पश्चिमांचल विद्युत निगम के पोर्टल पर मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, एक्सईएन विनोद कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नही था। हाईटेंशन लाईन भूमिगत रूप से नही ले जाई जा सकती। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।