रामशरण दास की प्रतिमा स्थापित करने की मांग
सहारनपुर। गुर्जर समाज की बैठक में सर्वसम्मति से हसनपुर चौराहे पर स्वर्गीय चौधरी रामशरण दास की प्रतिमा जल्द स्थापित करने की मांग की गई। इसके बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी ज्ञापन भेजा गया।
शुक्रवार को मल्हीपुर रोड स्थित एक सभागार में आयोजित बैठक में चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि हसनपुर से अल्लाउददीनपुर को जाने वाली रजबाहे पटरी के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। इसका और हसनपुर चौराहे का नाम रामशरण दास के नाम पर रखकर उनकी प्रतिमा स्थापित करने का वादा किया गया था। तत्कालीन मंडलायुक्त आरपी शुक्ला ने इस चौक को रामशरण दास के नाम से विकसित करने की बात कही थी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जल्द ही रामशरण दास की प्र्रतिमा हसनपुर चौराहे पर स्थापित कराने की मांग की। उन्होंने इस बारे में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा है। अध्यक्षता वेदपाल सिंह नुनयारी ने की। रोहित चौधरी, दीपक मवी, युवराज सिंह, रविंद्र चौधरी, अजय चौहान, विमल चौहान, नीरज कुमार, राकेश प्रधान, भूपेंद्र चौधरी आदि रहे।