देवबंद (सहारनपुर)। नगरपालिका में सोमवार को लिपिक व पूर्व सभासद के बीच हुए विवाद में मंगलवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए पूर्व सभासद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञात रहे कि सोमवार को जलकल विभाग के कार्यालय में पूर्व सभासद तहसीन खां और जलकल लिपिक विकास चौधरी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस मामले में जलकल लिपिक विकास चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि पूर्व सभासद द्वारा उसके मकान पर पानी का अवैध कनेक्शन चलाया जा रहा था। जब उसने कनेक्शन को काटने की बात कही तो वह उनके कार्यालय में घुस आया और गाली गलौज करते हुए अभद्रता की। जबकि इस मामले में पूर्व सभासद तहसीन खां ने आरोपों को निराधार करार देते हुए बताया कि पाइप लाइन ठीक कराने की गरज से वह जलकल लिपिक से मिले थे। आरोप है कि जलकल लिपिक ने उनसे सुविधा शुल्क की मांग की। उसके इंकार करने पर आरोप है कि लिपिक ने गाली गलौज व अभद्रता की।। इसी मामले में मंगलवार को पूर्व सभासद के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। चेतावनी दी गई कि यदि पूर्व सभासद के खिलाफ कार्रवाई न की गई तो नगर विकास कर्मचारी महासंघ हड़ताल पर जाने को मजबूर होगा। प्रदर्शनकारियों में महबूब आलम, मेराजुद्दीन, सुनील कुमार, सुंदर सैनी, अशोक कुमार, विकास चौधरी आदि मौजूद रहे।