सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना में चयनित होने के बाद शहर के विकास का खाका तैयार होने लगा है। नगर निगम ने सड़कों को अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने और पैदल चलने वालों के लिए विभिन्न मार्गों पर फुटपाथ बनाने और सुंदरीकरण के साथ ही शहर को एलईडी लाइटों से रोशन करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 16 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
पिछले दिनों नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर के विकास के लिए कुल 477 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। इसी में से 16 करोड़ रुपये फुटपाथ और लाइटों के लिए रखे गए हैं। नगर निगम ने पहले चरण में अनुपम स्वीट्स से हसनपुर चौक, देहरादून चौक से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तथा ढमोला नदी के पुल से घंटाघर चौक तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ बनाने और सड़कों का सुंदरीकरण करने का निर्णय लिया है, जिस पर शीघ्र ही काम शुरू होगा। फुटपाथ बनने के बाद एक ओर जहां दुकानदारों के लिए सड़कों पर सामान रखने के लिए जगह नहीं बचेगी। वहीं पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी। गैराज के लिए भी कुछ सामान खरीदा जाएगा। इनके अलावा शहर में साढ़े सात हजार एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इनको लगाने का मकसद बिजली के खर्च को कम करना है।