सीबीआई जांच की मांग को लेकर परीक्षार्थियों ने प्रदर्शन किया
सहारनपुर। सीजीएल पेपर में हुई कथित धांधली की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर परीक्षार्थियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नाम तहसीलदार सदर प्रीति सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है।
शनिवार को तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में परीक्षार्थियों ने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग के सीजीएस के टियर-11 के पेपर में जमकर धांधली हुई है। इसके सभी शिफ्टों में होने वाले पेपर सोशल मीडिया में वायरल हो गए थे। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में 27 फरवरी से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी एसएससी के सीजीओ कांपलेक्स के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इससे युवाओं को अपनी मेहनत का फल मिल सके। उन्होंने केंद्र सरकार से सभी परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने की मांग की। इस दौरान शक्ति सिंह, अब्दुल गफूर, प्रिंस, विक्की विजनाखेड़ी, शुभम अवाना, सौरभ, नवीन कुमार, आशीष कुमार, राहुल सिंह, योगेश कुमार, विकास, मनजीत सिंह, विशाल, रमेश कुमार, अरुण कुमार, अखिलेश सहित अन्य मौजूद रहे।