चिलकाना (सहारनपुर)। होली खेलने के बाद नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। किशोर के डूबने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार को ग्राम बरथाकायस्थ निवासी सतीश कुमार का 14 वर्षीय पुत्र नितिन कश्यप अपने साथियों के साथ होली खेल रहा था। इस बीच नितिन अपने साथियों के साथ होली खेलने के बाद गांव के निकट बहने वाली बूढ़ी यमुना नदी में नहाने चला गया। सभी साथियों सहित नितिन नदी में नहा रहा था कि अचानक नितिन का संतुलन बिगड़ गया तथा वह एक गहरे कुंड में गिर गया। यह सब देखकर साथियों ने शोर मचाया तथा गांव में उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तथा गोताखोर की मदद से नितिन को बाहर निकाला, परंतु तब तक नितिन की मृत्यु हो चुकी थी। नितिन की मृत्यु की खबर सुनते ही होली के रंग में भंग हो गया तथा खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। नितिन के मरने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा हर कोई सतीश के घर की ओर दौड़ पड़ा। नितिन अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। इसी कारण से पूरे गांव के लोगों की आंखें नम थी।