चिलकाना (सहारनपुर)। गांव माहेश्वरी कलां में एसडीएम सदर ने राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत पर छापामारी की। यहां पर स्टॉक रजिस्टर में जो राशन दर्ज किया गया था मौके पर उससे कम राशन पाया गया।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद एसडीएम सदर संगीता ने ग्रामीणों की शिकायत पर गांव माहेश्वरी कलां में राशन डीलर के यहां छापा मारा। एसडीएम को मौके पर रिकार्ड में दर्ज 220 बोरे खाद्यान्न के स्थान पर मात्र 148 बोरे खाद्यान्न मौके पर मिला। इतना ही नहीं राशन डीलर अपनी निर्धारित दुकान पर बैठकर राशन न बांट कर ग्राम प्रधान के घेर में राशन वितरित कर रहा था। एसडीएम को ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि उन्हें निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं मिल रहा है तथा उन्हें राशन लेने के लिए ग्राम प्रधान के घेर में जाना पड़ता है, जबकि राशन निर्धारित स्थान पर मिलना चाहिए।
एसडीएम सदर संगीता ने बताया कि गरीबों को मिलने वाले खाद्यान्न में किसी तरह की अनियमितता बर्दास्त नहीं की जाएगी। राशन की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कराकर जेल भेजा जाएगा। जिन गांवों में लोगों को खाद्यान्न नहीं मिल रहा है, तथा निर्धारित स्थान पर खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा रहा है, वहां शीघ्र ही छापामारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि राशन डीलर रेशम देवी पत्नी सुरेश के खिलाफ राशन वितरण में की जा रही गड़बड़ी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।