सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने आठवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर छात्र/छात्राओं, नए मतदाताओं एवं अधिकारियों सहित गण्यमान्य नागरिकों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान के माध्यम से हमें देश का विकास कराने के लिए योग्य और सक्षम सरकार को चुनने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण यह नहीं है कि हम वोटिंग मशीन से मतदान करते हैं या बैलेट पेपर के माध्यम से। लेकिन हम लोगों को मतदान का पूरा अधिकार मिला है। उन्होंने कहा कि मतदाता दिवस के अवसर पर हम शपथ लें कि मतदान के प्रति खुद भी जागरूक रहेंगे और आम लोगों को भी जागरूक करेंगे।
बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में आठवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कमिश्नर ने कहा कि मेरे ख्याल से भारत विश्व का इकलौता देश है जिसमें प्रधान से प्रधानमंत्री तक, वार्ड से मेयर तक सब चुनाव में लोगों को अपना मत देने का अधिकार मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि आज मैं दावे के साथ बोल रहा हूं कि एक शक्ति जो भारत को एकजुट रखी हुई है वह है अनेकता में एकता। साउथ हो या अंडमान निकोबार, लक्ष्यद्वीप हो या फिर जम्मू कश्मीर ,देश के सभी नागरिकों को एक अधिकार है कि वह अपनी मर्जी से अपने क्षेत्र का प्रतिनिधि चुन सकता है।
कार्यक्रम में राजकीय कन्या इंटर कालेज की नेशनल क्विज प्रतियोगिता प्रथम विजेता कुमारी रुखसार, द्वितीय विजेता कुमारी इब्तेशाम को कैप, टीशर्ट और दो हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पेंटिंग, पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता गुरुनानक कन्या इण्टर कालेज की कीर्तिका यादव, सहारनपुर पब्लिक स्कूल हिम्मतनगर के समीर कुरैशी, जवाहर नवोदय विद्यालय मिर्जापुर अंबेहटा चांद अवंतिका निदार, राजकीय कन्या इंटर कालेज से आयशा व सोफिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की शुभांगी सैनी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्र/छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता संबंधी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी पीके पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसके दूबे, उप जिलाधिकारी सदर संगीता, तहसीलदार सदर प्रीति सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।