जिला कारागार में चल रहे शीतकालीन ओलंपिक खेल प्रतियोगिताओं में कैरम, शतरंज, कबड्डी एवं रस्साकसी प्रतियोगिताओं के लीग मुकाबले हुए। कैरम में विजय ने सतीश को मात दी। जबकि बैरक नंबर तीन एवं छह के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
मंगलवार को हुई बैडमिंटन की प्रतियोगिता में बैरक नंबर तीन एवं पांच के बीच रोमांचकारी मुकाबला हुआ, जिसमें बैरक संख्या तीन के खिलाड़ियों ने बैरक संख्या पांच को 15-9, 15-12, 15-13 से हराकर मुकाबला जीता। कैरम प्रतियोगिता में बैरक संख्या 6 के बंदी विजय ने बैरक संख्या पांच के सतीश को मात दी। रस्साकसी प्रतियोगिता में बैरक संख्या 9 के पहलवानों की टीम ने बैरक संख्या 4 के पहलवानों को तीन-एक में से दो-एक मैच जीतकर शिकस्त दी। शतरंज के दो मुकाबले हुए। पहला मुकाबला हरि और शमशेर के बीच हुआ। जिसमें शमशेर ने हरि को करारी मात दी। जबकि दूसरा मुकाबला मेहरबीन और सनी के बीच हुआ। इस मुकाबले में सनी ने मेहरबीन को शिकस्त दी।
कबड्डी का मुकाबला बैरक नंबर चार और बैरक नंबर 5 के बीच हुआ। कबड्डी का मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण एवं रोमांचक रहा। मुकाबले में बैरक नंबर 4 के खिलाड़ियों ने कप्तान खुशतर के नेतृत्व में बैरक नंबर 5 की जीशान की कप्तानी वाली टीम को 22-21 से हरा दिया।
जिला कारागार अधीक्षक डाक्टर वीरेश राज शर्मा ने बताया कि बंदियों ने पूरी खेल भावना का परिचय दिया और अपनी प्रतिभा दिखाई। उन्होंने बताया कि अभी लीग मुकाबले चल रहे हैं। तीन दिन मुकाबले चलेंगे। जिनमें फाइनल मैच खेले जाएंगे।