घरों में पानी घुसने से गुस्साएं लोगों ने जाम लगाया
बेहट (सहारनपुर)। बरसात में तालाब का रूप ले चुकी क्षतिग्रस्त सड़क से पानी घरों में घुसने पर गुस्साएं शाहपुर गाड्ड़ा के ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह गांव में ही मिर्जापुर-सुंदरपुर रोड पर जाम लगा दिया। ग्रामीण सड़क की मरम्मत कराने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। इससे सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई।
बता दें कि दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर पूर्वी यमुना नहर के जर्जर पुल को एक साल पहले लोनिवि के अधिकारियों ने बंद कर दिया था, जिसके बाद से ट्रैफिक को बेहट से सीधे शाकंभरी रोड से होते हुए मिर्जापुर-सुंदरपुर रोड से निकाला जा रहा है। इस रोड पर पड़ने वाले गांव शाहपुर गाड्ड़ा में भारी वाहनों के आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसने बरसात के मौसम में तालाब का रूप ले लिया है। रोजाना गांव में हो रहे हादसों और सड़क किनारे स्थित मकानों को खतरा उत्पन्न होने एवं सुबह हुई बारिश का पानी सड़क से निकलकर घरों में घुसने से गुस्साएं ग्रामीणों ने मंगलवार को सड़क की मरम्मत की मांग करते हुए रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना मिर्जापुर पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद जाम खुल सका।
जाम लगाने वालों में कुर्बान, जुल्फान, चौधरी राशिद, मो. जाकिर, लुकमान, फारूक ठेकेदार, समुन, दाऊद, मौलवी फारूक, मो. सऊद, जान मोहम्मद, रगबिरा, अनिल कुमार, नरेश, इस्लाम, फुरकान, सालिम, अतर सिंह, तालिब, मो. वाजिद, चौधरी अब्बास, इखलाक, मो. शाहरुख आदि शामिल रहे।