संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव देवला के ग्रामीणों से एक व्यक्ति द्वारा रकम दोगुनी करके देने का झांसा देकर करीब 1.50 करोड़ रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी सहित एक ही परिवार के पांच लोगों पर केस दर्ज किया है। इसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
गांव देवला निवासी सूरजभान ने देहात कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप है कि कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला अमजद नगर निवासी इमरान अहमद एक दिन उनके गांव आया। उसने ग्रामीणों को खुद को बिल्डर बताते हुए कहा कि वह बड़ी-बड़ी इमारतें बनाकर बेचता है। सरकार की योजनाओं के तहत निवेश पर एक साल में रकम दोगुनी हो जाती है। इमरान ने एसआईपी और म्यूचुअल फंड जैसी योजनाओं का हवाला देते हुए ग्रामीणों से निवेश करने को कहा। कुछ लोगों को शुरुआती रिटर्न भी दिए, जिससे लोगों का उस पर विश्वास बढ़ गया।
इमरान ने सिर्फ उससे नहीं, बल्कि गांव के अन्य लोगों से भी मोटी रकम हड़पी है। कुछ दिन बाद ग्रामीणों का रिटर्न आना बंद हो गया। इसके बाद छह जुलाई 2025 को ग्रामीण इकट्ठा होकर इमरान के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां इमरान के पिता इश्तखार, पत्नी शना परवीन, बेटा सोना और मां साबरा ने गाली-गलौज की। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इमरान ने कई लोगों से आधार कार्ड और फोटो भी लिए।
फर्जी दस्तावेज बनाकर दुरुपयोग किया। थाना स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसे एसएसपी से शिकायत करनी पड़ी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने इमरान समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया।