सहारनपुर। कृषि विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद जिले के 15 हजार से अधिक किसान अभी भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित हैं। जनपद के 2,82,165 किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। योजना के लाभ से वंचित किसानों के डाटा को सही कराकर मुख्यालय भेजा गया है। जिससे उम्मीद है कि जल्द ही वंचित किसानों को भी योजना का लाभ मिल सकेगा।
किसानों के लिए लाभ देने के उद्देश्य से वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई थी। इसमें किसानों को प्रति वर्ष छह हजार रुपये देने का प्रावधान किया गया। किसानों को यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन किस्त में दी जानी है। योजना के शुरू होने से अब तक छह किस्तें किसानों के खाते में भेजी जा चुकी हैं। जिले में पंजीकृत करीब तीन लाख किसानों में से लगभग 282165 किसानों के खाते में किस्त की रकम पहुंचना शुरू हो गई हैं, जबकि 15 हजार से अधिक किसान अभी भी इस योजना के लाभ से वंचित हैं। हालांकि अभी योजना की किस्त किसानों के खाते में आ रही है।
उप निदेशक कृषि रामजतन मिश्र ने बताया कि 15 हजार से अधिक किसान अभी भी किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित हैं। इनमें से कुछ किसानों ने अभी तक बैंक में केवाईसी नहीं कराई है। कुछ किसानों के खाते और कुछ के आधार कार्ड और बैंक खातों में नाम मिसमैच हो रहे हैं। विभाग ने ऐसे लगभग सभी किसानों के डाटा को सही कराकर पोर्टल पर फीड कर दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही वंचित किसानों को भी सम्मान निधि मिलना शुरू हो जाएगी।