सहारनपुर की देवबंद नगर पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्तावित विकास कार्यों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इस बार मेला ग्राउंड में महर्षि कश्यप द्वार का निर्माण कराने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल किया गया है।
पालिका सभागार में चेयरमैन जहीर फात्मा की अध्यक्षता में आहूत बैठक में 23 सभासद एवं क्षेत्रीय विधायक माविया अली ने प्रतिभाग किया। बैठक में सर्वप्रथम मार्च से नवंबर तक के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।
आलोच्य अवधि की कुल आय 14 करोड़ 72 लाख 77 हजार 505 रुपये तथा व्यय 15 करोड़ पांच लाख 72 हजार 970 रुपये स्वीकृत की गई। मेला ग्राउंड में पूर्व में बने मेला मेन गेट, अंबेडकर द्वार, महर्षि वाल्मीकि द्वार, आर्य समाज द्वार का पुनर्निर्माण एवं महर्षि कश्यप द्वार का नवनिर्माण कराने का प्रस्ताव पारित किया गया।
इनके अलावा सफाई कर्मियों को वर्दी, देवीकुंड रोड पर ब्लाक की दीवार की साइड में फायर ब्रिगेड तक इंटर लॉकिंग, खानकाह पार्क सौंदर्यीकरण कराने की प्रस्ताव भी पास किया गया।
बीमार व्यक्तियों को तुरंत राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगरपालिका के लिए दो एंबुलेंस की खरीद, 30 इंडिया मार्का हैंडपंप, लहसवाड़ा, अंदरुनी कोटला में छोटे ट्यूबवेलों के बोरिंग, कीटनाशक दवाओं तथा फाइबर के कूड़ेदान की क्रयदारी का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुआ है।
शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए नगर में अलाव जलाने की व्यवस्था एवं गरीब असहाय लोगों को तीन कंबलों का वितरण भी नगरपालिका करेगी।
इस मौके पर ईओ ओमप्रकाश, मोहम्मद राशिद, विनय कुमार, तौफीक अहमद, शिवकुमार, जीशान उर्फ नजमी, हारिस सैय्यद, अब्दुल कय्यूम, सुधा गांधी, महताब, शाहिद हसन, बिलकिस, फरीदा खानम, फैजान, हमीदा जमील, रिजवान अंसारी आदि रहे।