सहारनपुर। मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी ने शुक्रवार को गेहूं की सरकारी खरीद की समीक्षा की। समीक्षा में पाया कि संभाग में अब तक लक्ष्य के अनुरूप मात्र 21.20 प्रतिशत ही खरीद हो पाई है। कम खरीद पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने गेहूं खरीद में लापरवाही बरतने वाले जिला खाद्य विपणन अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में गेहूं की सरकारी खरीद की समीक्षा की गई। संभाग के 1,18,900 मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष दो मई तक 25211.185 मीट्रिक टन गेहूं की ही खरीद हुई है। जो लक्ष्य का मात्र 21.20 प्रतिशत है। गेहूं की कम खरीद पर कमिश्नर ने असंतोष जताया है। उन्होंने समीक्षा करते हुए आगामी बैठक तक लक्ष्य का 50 फीसदी गेहूं खरीद करने के निर्देश दिए है। सबसे कम गेहूं खरीद पर उन्होंने जनपद मुजफ्फरनगर जिला खाद्य विपणन अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि विशेष प्रयास कर आगामी बैठक तक 50 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति कर ली जाए। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी। उन्होंने पीसीयू के प्रबंध निदेशक से दूरभाष पर वार्ता कर भुगतान के लिए तीन करोड़ 67 लाख रुपये रिलीज करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद में कृषकों का शोषण नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी बैठक नौ मई को होगी।
बैठक में संभागीय खाद्य नियंत्रक सरयू प्रसाद, संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी राजेश कुमार उपाध्याय, तीनों जनपदों के जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित अन्य मौजूद रहे।