सहारनपुर। परिवहन निगम द्वारा शीघ्र ही सहारनपुर परिक्षेत्र के डिपो से सीएनजी बसें चलवाएगा। सहारनपुर के साथ कैराना, कांधला और शुक्रताल से दिल्ली के लिए सीएनजी की निजी बसों का अनुबंध कर संचालन किया जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम ने निजी बस संचालकों से आवेदन मांगे हैं।
अभी तक सहारनपुर परिक्षेत्र के किसी भी डिपो से सीएनजी बसों का संचालन नहीं किया जा रहा। अब कुछ डिपो से सीएनजी बसों के संचालन की तैयारी है। सीएनजी बसें निजी बस संचालकों से अनुबंध कर चलाई जाएंगी। फिलहाल सहारनपुर के अलावा कांधला, कैराना और शुक्रताल से दिल्ली के लिए बसों का संचालन कराया जाएगा। फिलहाल कैराना-दिल्ली के लिए दस, कांधला-दिल्ली के लिए भी दस, जबकि शुक्रताल-दिल्ली के लिए एक बस का संचालन किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही सहारनपुर से भी सीएनजी बसों का संचालन किया जाएगा। लेकिन पहले सिर्फ कांधला, कैराना और शुक्रताल के लिए ही बसों का संचालन किया जाएगा। जिसके लिए नजी बस संचालकों से आवेदन मांगे गए हैं। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि निजी बसें चलाई जानी हैं। जिनके लिए 15 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। शीघ्र ही तीन रूटों पर सीएनजी बस सेवा शुरू कराई जाएगी।