सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशासन एकादश और रिमाउंट डिपो एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें प्रशासन की टीम 99 रन के बड़े अंतर से विजेता बनी।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी प्रशासन एकादश की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। इनमें सतीश कुमार ने 39, कमल ने 35, शाहरुख ने 34, डीएम आलोक कुमार पांडेय और एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने 11-11 रन बनाए। रिमाउंट डिपो के लिए राजदीप सिंह, अरुण शर्मा और अजय ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि आशीष और राजेश को एक-एक विकेट मिला। 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रिमाउंट डिपो एकादश की टीम मात्र 80 रन पर सिमट गई। रिमाउंट डिपो की ओर से अर्जुन ने 21, मंगल सिंह ने दस तथा राजीव और गौतम ने सात-सात रन का योगदान दिया। प्रशासन एकादश के लिए मोहित, सतीश, हिमांशु ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। मैन ऑफ द मैच सतीश कुमार को चुना गया। बेस्ट फिल्डर हिमांशु रहे। अंपायरिंग फुरकान कुरैशी और फैयाज आलम ने की। स्कोरिंग तनीर अहमद और कमेंट्री संदीप शर्मा ने की। डीआईजी शरद सचान, डीएम आलोक कुमार पांडेय और कर्नल के द्वारा विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की गई। इस दौरान एडीएम-प्रशासन एके दूबे, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार, एमएम गोयल आदि मौजूद रहे।