सहारनपुर। बाबा श्री जाहरवीर गोगा महाराज के प्रतीक चिन्ह रंग-बिरंगी छड़ियां ढोल नगाड़ों के साथ भ्रमण पर निकल गई। छड़ी के निशानियों को संकल्प के साथ डोरियां बांधी गई है। महानगर में बसेरों के आयोजन भी शुरू हो गए हैं।
बृहस्पतिवार को रंग-बिरंगी छड़ियां ढोल नगाड़ों के साथ भ्रमण करती हुई नजर आई। छड़ी के निशानियों को भक्तों ने संकल्प के साथ डोरियां बांधी है, जब तक डोरियां नहीं खुलेंगी, तब तक निशानिए नंगे पैर रहेंगे और जमीन पर सोएंगे। भगत और निशानिए घर-घर छड़ियों को लेकर पहुंच रहे हैं। लोगों द्वारा विधि-विधान के साथ छड़ियों की पूजा-अर्चना करने के साथ कलावा बांधा जा रहा है। रात में बसेरों के आयोजन भी शुरू हो गए हैं। बैंडबाजे संग छड़ियां बसेरा आयोजित कराने वाले व्यक्ति के घर पहुंच रही हैं। पूजन के साथ कढ़ी-चावल का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया जा रहा है। पूरी रात जाहरवीर की महिमा का गुणगान हो रहा है। श्री गोगा म्हाड़ी सुधार सभा के अध्यक्ष पंकज उपाध्याय और भगत गुलशन सागर ने बताया कि 18 सितंबर तक छड़ियां शहर में भ्रमण करेंगी और बसेरों का आयोजन होगा। 19 सितंबर को छड़ियां म्हाड़ी पर प्रस्थान कर जाएंगी। 21 सितंबर को छड़ियां वापस लौटेंगी। तब दिन में छड़ियां भ्रमण नहीं करेंगी, लेकिन रात में बसेरों का आयोजन होता रहेगा।