तीन दिन से बिजली न आने पर खफा ग्रामीणों ने लगाया जाम
लखनौती (सहारनपुर)। तीन दिन से बिजली ना आने से नाराज ग्रामीणों ने बिजलीघर के सामने जाम लगाते हुए जोरदार हंगामा किया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
बता दें कि पिछले तीन दिन से बिजलीघर पर तैनात संविदाकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति लड़खड़ा गई है। गांव बुड्ढाखेड़ा, लखनौती और बीराखेड़ी में कई जगह लाइनों के तार टूटे पड़े हैं। संविदाकर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद टूटे तार ज्यौं के त्यौं पडे़ हैं। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पशुओं के लिए पानी और चारे की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीण पेयजल को तरस रहे हैं। शुक्रवार को आक्रोशित गांव बुडढाखेड़ा के ग्रामीण गंगोह के लखनौती रोड स्थित बिजलीघर पर पहुंचे और जाम लगा दिया। सूचना पाकर पहुंचे कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर बमुश्किल जाम खुलवाया। इसके बाद ग्रामीण अपने घरों को वापस लौटे। जाम लगाने वालों में इरफान, यूनुस, अब्बास, सतीश, लियाकत, फुरकान, पूरणमल, ब्रह्मपाल, ताहिर, रामलाल, प्रकाश, हरज्ञान आदि ग्रामीण रहे।